सीहोर। आष्टा जनपद पंचायत से सेवानिवृत्त ड्राइवर पिछले 6 सालों से अपनी ग्रेच्युटी राशि के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। न्यायालय के आदेश के बावजूद जनपद पंचायत ने अख्तर खान की 14 लाख 85 हजार 120 रुपए की ग्रेच्यूटी राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
अख्तर खान ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी व्यथा सुनाई। उन्होंने बताया कि वो आष्टा से लेकर सीहोर और भोपाल तक विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मिल चुके हैं। उन्होंने पंचायती राज संचालनालय भोपाल में भी आवेदन दिया है। लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिली।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार
ये ग्रेच्यूटी राशि उनके वेतन से ही काटी गई थी। पंचायती राज्य नियमों के अनुसार, जनपद पंचायत के मूल कर्मचारी होने के कारण इस राशि का भुगतान जनपद पंचायत आष्टा को करना है। राशि नहीं मिलने से अख्तर खान का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। अब उन्होंने कलेक्टर और जिला पंचायत से मदद की गुहार लगाई है।