भोपाल। कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी आज पहली बार भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने चौधरी का स्वागत किया। एयरपोर्ट से पीसीसी तक जगह-जगह नेताओं ने अलग-अलग स्वागत किया।
पीसीसी में कार्यकर्ताओं से मिले, बैठक की
कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिले। चौधरी ने पीसीसी में कांग्रेस के विधायकों, पूर्व विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, विभा पटेल सहित कई विधायक, पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद रहें।
जिसके पास जिम्मेदारी वो ही मालिक हो गया, ये नहीं चलेगा
बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा- बीजेपी के पास सत्ता और मीडिया है, बीजेपी जैसा चाहती-वैसा मीडिया में छपता। आज के दौर में हमें अपने विचार के साथ अपने व्यवहार में बदलाव लाने की जरूरत है।
जिसके पास जिम्मेदारी है वही पार्टी का मालिक हो गया, चाहे वह जिला हो, संभाग हो या प्रदेश हो। ऐसा नहीं होगा। हमने हर जिले में समन्वय समिति बनाई, प्रदेश की तरह हर लेवल पर बना रहे हैं। उसको मूर्त रूप देने की कोशिश करेंगे, यह सबसे पारदर्शी व्यवस्था होगी। अनुशासन के बगैर संगठन नहीं चल सकता।
हाथी के नीचे से निकलने की कहानी सुनाई
पटवारी ने कहा अभी मैं अमरकंटक गया था, वहां नर्मदा जी के उद्गम स्थल के पास एक हाथी की मूर्ति है, उसके नीचे से श्रद्धालु निकलते हैं। लेकिन, नेता लोग नहीं निकलते। मैं उस हाथी के नीचे से निकला। बाद में मैंने अपना वीडियो देखा, तब मेरे मन में ये विचार आया कि यदि हाथी के नीचे यदि फंस जाता तो क्या होता।
लेकिन, फिर मैंने सोचा कि मुझे विश्वास था कि मैं इस हाथी के नीचे निकल जाऊंगा और निकलकर आया। ऐसे ही सबको कोई भी काम करने से पहले पार्टी पर क्या असर होगा, यह सोचना चाहिए।
जुबान पर कंट्रोल रखें- पटवारी
पटवारी ने कहा- मीडिया हमारा नहीं हैं, इसलिए सबको जुबान पर ध्यान की जरूरत है। हमारी पार्टी लाइन दिल्ली से होती है उसी के आधार पर हम लोग चलें जुबान पर कंट्रोल करें। जिला स्तर के नेता यदि बयान देते हैं तो उसे प्रदेश स्तर पर कैसे प्रमुखता से चलवाया जाए बीजेपी की यह कोशिश होती है।
सात साल में आठ प्रभारी बदले
मोहन प्रकाश की जगह सितंबर 2017 में दीपक बावरिया को प्रदेश प्रभारी बनाया गया था। अप्रैल 2020 में दीपक बावरिया ने एमपी के प्रभारी पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मई 2020 में मुकुल वासनिक एमपी के प्रभारी बनाए गए थे।
सितंबर 2022 में मुकुल की जगह जेपी अग्रवाल को प्रभारी नियुक्त किया गया था। अगस्त 2023 में जेपी अग्रवाल की जगह रणदीप सिंह सुरजेवाला को एमपी का प्रभार सौंपा गया था। दिसंबर 2023 में सुरजेवाला की जगह भंवर जितेन्द्र सिंह को इंचार्ज नियुक्त किया गया था। जितेन्द्र सिंह की जगह अब हरीश चौधरी को कमान सौंपी गई है।