चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला एवं सेशन न्यायाधीश महेन्द्र सिंह सिसोदिया एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल के द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ोदिया में विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान करते हुए सचिव ने बताया कि सामाजिक न्याय में गरीबी, बहिष्कार, लैंगिक असमानता, बेरोजगारी, मानवाधिकार और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल होते हैं। ताकि समाज में प्रत्येक व्यक्ति अपने मानवाधिकारों और आत्मसम्मान के साथ एक गरिमापूर्ण जीवन बिताये एवं यह भी बताया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और सामाजिक न्याय को आदर्श मानना है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा सामाजिक न्याय को सस्ता,शीघ्र एवं सुलभ बनाने के लिए निःशुल्क विधिक सहायता दी जाती है जिससे प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति को न्याय मिल सके एवं कोई भी व्यक्ति किसी भी कारण से न्याय से वंचित न रह सके। इसके साथ ही जिला मुख्यालय पर अन्यत्र क्षेत्रों में भी सामाजिक न्याय से संबंधित जागरुकता के बारे में जानकारी दी एवं अधीनस्थ समस्त ताल्लुका मुख्यालयों पर भी इस विषय पर जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य संजय कोडली एवं पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत आदि उपस्थित रहे।