नीमच। शहर की लाइफ लाइन कहे जाने वाले शहर के एकमात्र पेयजल स्रोत जाजू सागर बांध में बड़े पैमाने पर हो रही पानी चोरी पर अंकुश लगाने में नगरपालिका नाकाम साबित हो रही है। आज फिर एक बार कांग्रेस के पार्षद और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर जाजू सागर बांध पर हो रही अवैध गतिविधियों को रोकने की आवाज उठाई है। एसडीएम संजीव साहू को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 100 से अधिक मोटर और पाइप लाइनों के द्वारा बांध पर चोरी हो रही है और यह सब डेम प्रभारी और नगरपालिका के अधिकारियों की मिली भगत से हो रहा है। ज्ञापन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि प्रत्येक मोटर के दस हजार से लेकर पच्चीस हजार रुपए तक अवैध रूप से वसूले जा रहे हैं। यह शिकायत अनेक बार जनसुनवाई के साथ-साथ नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित जिम्मेदारों को की गई है। बांध की जमीन पर डेम से पानी लेकर अवैध खेती की जा रही है। इसका भी प्रति बीघा दो हजार रुपए के हिसाब से अवैध ढ़ंग से लिया जा रहा है। सीएमओ को सीमांकन की कारवाई और खाई खोदने की मांग को लेकर भी आवाज उठाई गई। रात के समय बांध से मछली चोरी हो रही है। यदि हालात यूं ही बने रहे तो फिर जल संकट की स्थिति निर्मित हो जाएगी। ज्ञापन में डेम प्रभारी को हटाने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुख्ता कार्रवाई की मांग की गई है।