मंदसौर। प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। 26 फरवरी को मनाए जाने वाले इस पर्व पर मंदिर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में 41 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष योजना बनाई गई है।
महाशिवरात्रि पर भगवान पशुपतिनाथ को मेहंदी और हल्दी चढ़ाई जाएगी। चार पहर में भगवान के विशेष अभिषेक होंगे। शाम को भगवान का दूल्हे के रूप में श्रृंगार किया जाएगा। रात भर भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
सुरक्षा कारणों से इस दिन मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में रुकने की अनुमति नहीं होगी। दिनभर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।