इंदौर। स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर इंदौर तैयार है। 10 अलग-अलग बिंदुओं पर स्वच्छता का आकलन किया जाना है। स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कभी भी इंदौर आ सकती है। टीम मौके पर जाकर अलग-अलग बिंदुओं को देखने के साथ ही लोगों से भी स्वच्छता को लेकर फीडबैक लेगी। इसके आधार पर फाइनल रैंकिंग मिलेगी।
स्वच्छता में सात बार नंबर वन रह चुके इंदौर को आठवीं बार नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों सहित सफाई मित्र भी दिनरात मेहनत कर रहे हैं। अलग-अलग पैरामीटर पर इंदौर खरा उतरे इसके लिए वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में जाकर कामों को चेक कर रहे हैं। कमी पेशी मिलने पर तुरंत उसे दुरुस्त भी किया जा रहा है।
यह हैं वह 10 पैरामीटर
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत नगर निकायों का आकलन विभिन्न मानकों के आधार पर किया जा रहा है। इसमें 10 हजार अंकों का विस्तृत विभाजन किया गया है। इस सर्वेक्षण में 10 प्रमुख श्रेणियों के तहत नगर निकायों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें विजिबल क्लीननेस, सेग्रिगेशन कलेक्शन एंड ट्रांसपोर्टेशन ऑफ वेस्ट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एक्सेस ऑफ सेनिटेशन, यूज्ड वाटर मैनेजमेंट, एडवोकेसी फॉर स्वच्छता. स्वच्छता कर्मियों का समग्र कल्याण, मशीनीकृत सेप्टिक टैंक सफाई सेवाएं, इकोसिस्टम स्ट्रेंथनिंग एंड इंस्टीट्यूशन पैरामीटर, नागरिक प्रतिक्रिया और शिकायतों का निवारण शामिल हैं।