नीमच। तस्करी के आरोपी धर्मेंद्र धनगर द्वारा पत्रकार हरिश अहीर व उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दिए जाने की घटना से आक्रोशित पत्रकार आज एसपी कार्यालय और कैंट थाना नीमच पहुंचे। पत्रकारों ने एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया और केंट थाने पर पुलिस से इस मामले में धर्मेंद्र धनगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसपी कार्यालय पर दिए गए आवेदन में हरिश अहीर ने बताया है कि आज दिन में 12 बजे नीमच जनपद कार्यालय पर धर्मेंद्र धनगर ने मेरी पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम्हारे पति पत्रकार को बुला लो और जो कैमरे लगाने हो लगा लो। मेरा कोई कुछ नहीं बिगड़ सकता। मैं ही जनपद अध्यक्ष बनकर पूरा काम करता हूं। हरीश अहीर ने बताया कि धर्मेंद्र धनगर द्वारा मुझे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई है। हरीश अहीर का कहना है कि मेरे द्वारा की जा रही पत्रकारिता को लेकर पूर्वाग्रह से ग्रसित धर्मेंद्र धनगर द्वेषतापूर्ण ढंग से इस तरह के कृत्य कर रहा है।