नीमच। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी हो गई हैं। हायर सेकंडरी परीक्षा 25 फरवरी से और हाई स्कूल की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होगी। जिला स्तरीय स्ट्रॉन्ग रूम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर किरण सिंह आंजना और जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मंगारिया मौजूद थे।
परीक्षा की गोपनीय सामग्री को कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 10 थानों और 5 चौकियों में पहुंचाया गया है। परीक्षा के दिन यह सामग्री केंद्र पर केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की मौजूदगी में परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले पहुंचाई जाएगी।
जिले में कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। गुरुवार को रैंडमाइजेशन के जरिए केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति की गई। इसके अलावा 17 रिजर्व केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा में 948 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं और 10 उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं।
परीक्षा में कुल 14,668 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें 10वीं के 8,579 और 12वीं के 6,089 छात्र हैं। परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी। प्राइवेट छात्रों के लिए प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिन्हें संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।