जीरन। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत नीमच रतलाम रेल मार्ग पर नीमच से 10 किमी पहले स्थित हरकियाखाल रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों के अप डाउन के ठहराव की मांग बढ़ती जा रही है। तहसील मुख्यालय जीरन के नजदीकी रेलवे स्टेशन हरकियाखाल पर दो प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग जीरन क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रहीं है। जिसके लिए अलग अलग तरीके से उक्त मांग को रेलवे और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को पहुंचाई जा रही है। क्षेत्रवासियों की मांग है कि नीमच-प्रतापगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित हरकियाखाल रेलवे स्टेशन तहसील मुख्यालय जीरन का सबसे प्रमुख और नजदीकी रेलवे स्टेशन है। जीरन सहित दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में इंदौर रतलाम और चित्तौड़ उदयपुर अजमेर की और रेल यात्रा करते है। लेकिन जोधपुर, अजमेर, इंदौर के लिए हरकियाखाल से कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यात्रियों को नीमच से ट्रेन में यात्रा करना मजबूरी बनी हुई है। यात्रियों को नीमच स्टेशन से ट्रेन पकड़ने में इतना खर्च हो जाता है कि उतने में यात्री ट्रेन से रतलाम या अजमेर तक पहुंच सकते है। ऐसे में अगर हरकियाखाल स्टेशन पर जोधपुर इंदौर जोधपुर एक्सप्रेस और रतलाम उदयपुर सिटी रतलाम एक्सप्रेस का ठहराव हरकियाखाल स्टेशन पर हो जाता है तो रेल सुविधाओं के मान बहुत बड़ी सौगात क्षेत्रवासियों को मिलने लग जाएगी। गाड़ी संख्या 14801 जोधपुर से इंदौर को जाने वाली गाड़ी शाम 6 बजकर 9 मिनट पर हरकीयाखाल होकर गुजरती है और गाड़ी संख्या 14802 इंदौर-जोधपुर एक्सप्रेस जो कि सुबह 8.33 बजे हरकियाखाल स्टेशन से होकर गुजरती है। इस ट्रेन के हरकियाखाल में ठहराव से जोधपुर, जैसलमेर रामदेवरा,अजमेर,मारवाड़, भीलवाड़ा सहित कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी ट्रेन उपलब्ध हो जाएगी वहीं इंदौर के लिए भी सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
गाड़ी संख्या 19327 रतलाम से उदयपुर सिटी को जाने वाली गाड़ी शाम को 7 बजकर 12 मिनट पर हड़कियाखल से गुजरती है और गाड़ी संख्या 19328 रतलाम उदयपुर सिटी एक्सप्रेस सुबह 5 बजकर6 मिनट पर हरकियाखाल से गुजरती है। सबसे बड़ी बात यह है कि दोहरीकरण का कार्य चलने के बावजूद ये सभी ट्रेनें अपने अगले स्टेशन पर समय से पहले पहुंच रही है। अगर हड़कियाखल स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत हो भी जाता है तो ट्रेन के समय में कोई खास अंतर नहीं आएगा। रतलाम उदयपुर ट्रेन के ठहराव से जीरण क्षेत्र के वे सैकड़ों कर्मचारी जो प्रतिदिन रतलाम तक अलग अलग स्टेशन पर ड्यूटी करने आते जाते इसी ट्रेन से जा भी सकेंगे और अपनी ड्यूटी कर वापस आ भी सकेंगे। उदयपुर चित्तौड़ को आने जाने में बहुत सहूलियत हो जाएगी। दोनों गाड़ियों के ठहराव से जीरण तहसील क्षेत्र के हजारों यात्रियों को जोधपुर,जयपुर,अजमेर, उदयपुर, रतलाम इंदौर सहित अन्य बड़े शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल पाएगी। उक्त गाड़ियों का ठहराव नीमच रेलवे स्टेशन पर है। जो कि तहसील मुख्यालय जीरण से सड़क मार्ग की दूरी 25 किमी पर है। हरकियाखाल रेलवे स्टेशन नीमच-प्रतापगढ़ (राज.) मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित है उक्त स्टेशन पर दोनों ट्रेनों के ठहराव से राजस्थान के भी दर्जनों गांव सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
क्षेत्रवासियों ने रेल मदद ऐप के माध्यम से स्टॉपेज के लिए दिए सुझाव-
दोनों प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने रेल मदद एप के जरिए अपनी बात विभाग तक पहुंचाना शुरू कर दिया है। अभी तक सैकड़ों लोगों ने अपने मोबाइल में रेल मदद एप डाउनलोड कर उसके माध्यम से दोनों प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। रेल स्टॉपेज की मांग में चल रहे इस जनजागरण में कई लोगों ने ट्विटर के जरिए पीएमओ, डीआरएम, रेलवे को ट्वीट कर स्टॉपेज की मांग की। क्षेत्रवासी जल्द ही इस मामले में डीआरएम तक ज्ञापन देने की तैयारी में है। इस तरह ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग लगातार बलवती होती जा रही है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शीघ्र ही रेल विभाग ट्रेनों की स्टॉपेज की मांग को स्वीकृत कर रेल सुविधा बढ़ाने में सहयोग करेगा।
डीआरएम के नाम स्टेशन मास्टर हरकियाखाल को देंगे ज्ञापन-
इधर क्षेत्रवासी लगातार इस मुद्दे पर अलग अलग तरीके से अपनी मांग रेल विभाग तक पहुंचा रहे है। डेली अप डाउन करने वाले कर्मचारी रविवार को सुबह 10बजे हरकियाखाल स्टेशन पहुंच कर दोनों प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। इसके अलावा कई पंचायतों एवं अलग अलग गांवों से ग्रामीणजन भी अपनी तरफ से ज्ञापन सौंपेंगे। जीरन से आमजन भी इस संबंध में अपना ज्ञापन रविवार को सौंपेंगे।
इनका कहना -
सांसद गुप्ता को अवगत करवाया कहा जल्द मिलेगी सौगात-
दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर जीरन के भाजपा पार्षद दल ने छह महीने पहले ही क्षेत्रीय सांसद सुधीर गुप्ता के जीरन आगमन पर पत्र सौंपकर मांग की थी। पुनः इस विषय पर सांसद का ध्यान आकर्षित करवाया है। जिसके बाद सांसद सुधीर गुप्ता रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा कर स्टॉपेज सहित स्टेशन के विकास संबंध में पत्र सौंपा है।- मधुसूदन राजोरा, पूर्व अध्यक्ष दक्षिण मंडल भाजपा एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि
उदयपुर रतलाम एक्सप्रेस और जोधपुर इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन का रतलाम से लेकर नीमच तक हर प्रमुख स्टेशन पर स्टॉपेज है। दोनों ट्रेनों का स्टॉपेज कई वर्ष पूर्व ही हो जाना चाहिए था। क्षेत्रीय सांसद और विधायक की क्षेत्र के प्रति उदासीनता के कारण जीरन क्षेत्र कई महत्वपूर्ण विकास योजना से वंचित रह गया है। अविलंब इन दोनों ट्रेनों का ठहराव हर्कियाखाल स्टेशन किया जाना चाहिए।- विनोद दक, अध्यक्ष-ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जीरन