नीमच। नगर पालिका के कर्मचारियों ने आज लामबंद होकर शांति लोट के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन दिया। नगरपालिका नीमच कर्मचारी महासंघ द्वारा दिये गए ज्ञापन में कहा गया है कि राजीव नगर निवासी शांति लोट ने शासकीय प्रक्रियाधीन प्रकरणों को लेकर बीती कल नगरपालिका कार्यालय में हंगामा करते हुए कर्मचारियों को धमकाया और शासकीय कार्य बाधित कर दिया। लगभग 80 से 100 फाइलों को कमरे के बाहर बिखेर कर फेंक दिया और कुछ फाइलों को फाड़ दिया।
शांति लोट ने कर्मचारियों के साथ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शांति लोट द्वारा आए दिन कार्यालय में आकर हंगामा किया जाता है। नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारियों ने मांग की है कि शांति लोट के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी संपत्ति का नुकसान करने आदि मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में नगरपालिका के अधिकारी व कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय और एसपी कार्यालय पर मौजूद रहे।