दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित संस्कृत आवासीय विद्यालय से एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। कक्षा 10वीं का यह छात्र 26 फरवरी की रात 1 बजे से गायब है। छात्रावास अधीक्षक अभय खुरासिया की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छात्र को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला दर्ज किया है। छात्र ने छात्रावास छोड़ने से पहले एक पत्र में शिक्षकों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी बोले- जल्द ढूंढ लेंगे
छात्रावास में लगभग 100 छात्र रहते हैं। थाना प्रभारी धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही ढूंढ लिया जाएगा। छात्रावास अधीक्षक ने कहा कि छात्र के छात्रावास से निकलने की घटना गंभीर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस छात्र द्वारा छोड़े गए पत्र में लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच कर रही है।