भोपाल। मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार का पहला पूर्ण बजट इस साल 12 मार्च को आ सकता है। राज्य सरकार का वित्त विभाग इस नए बजट की तैयारियों में जुट गया है। मोहन कैबिनेट अगले दस दिनों में मोहन सरकार के पहले पूर्ण बजट को मंजूरी देगी जिसे राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन में पेश किया जाएगा।
यह बजट चार लाख करोड़ रुपए से अधिक का होगा। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष का तीसरा अनुपूरक बजट भी 10 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र में पेश किया जाएगा। इस बार बजट में गोवंश संरक्षण, पर्यावरण, धरोहर व पर्यटन स्थलों के संवर्धन व संरक्षण, रोजगार, ई-परिवहन, झुग्गीमुक्त शहरों सहित अनेक मुद्दों पर फोकस देखने को मिल सकता है।
पिछले साल मार्च में नहीं आ सका था बजट
मोहन यादव सरकार पिछले साल अपना पूर्ण बजट मार्च में नहीं ला पाई थी। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनावों थे, जिनके चलते पहले तीन माह के खर्च के लिए लेखानुदान पारित किया गया था और फिर एक जुलाई को बजट सत्र बुलाकर तीन जुलाई को बजट पेश किया गया था।
वित्त विभाग के अफसर नए बजट की तैयारियों में जुटे हैं। एमपी का बजट तैयार करने की जिम्मेदारी पिछले साल मनीष सिंह के पास थी जो इस समय स्टडी लीव पर हैं। इस बार यह जिम्मा सीएम मोहन ने मनीष रस्तोगी को सौंपा है।
रस्तोगी की टीम बजट के लिए अब तक मिले सुझावों को कंपाइल कराने का काम कर चुकी है और मुख्यमंत्री तथा डिप्टी सीएम से चर्चा के बाद इसे फाइनल करने का काम किया जाएगा। इसको लेकर वित्त विभाग के प्रमुख सचिव रस्तोगी के साथ सीएम मोहन की बैठकों का दौर अगले दस दिनों तक कई बार चलने की उम्मीद है।