नीमच। जिले की जावद तहसील के नयागांव में स्थित सीमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) की फैक्ट्री लंबे समय से बंद पड़ी है। कुप्रबंधन और राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण कई वर्षों से बंद पड़ी सीसीआई फैक्ट्री का अब अस्तित्व भी खत्म होने जा रहा है। इसको लेकर केंद्र सरकार ने चुपके-चुपके एक बड़ा आदेश भी जारी कर दिया है।
इस आदेश में फैक्टरी प्लांट एवं मशीनरी के साथ रेलवे ट्रैक, रेलवे इंजन, स्टोर एवं स्पेयर्स का कच्चा माल नीलाम करने का जिक्र है। जिसकी आखिरी तारीख भी 5 मार्च निर्धारित की गई है। केंद्र सरकार द्वारा निकाले गए 44 करोड़ रूपये की राशि भी निर्धारित की गई है, इस राशि से बोली की शुरूआत होगी। देशभर के 18 स्क्रेप डीलर ने फैक्टरी का निरीक्षण भी कर लिया है। ऐसे में उन लोगों के सपने भी चकनाचूर हो गए हैं, जिन्हें इस फैक्टरी के पुनः चालू होने की उम्मीद थी।
ट्रेड यूनियन के लीडर शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि छोटे मसले को लेकर प्लांट बंद हुआ था। जब से सीमेंट प्लांट में प्रोडेक्शन बंद हुआ है तब से ही इससे जुड़े हजार लोग बेरोजगार है। सरकार यदि चाहती तो बिजली के बिल का भुगतान कर इसे चालू कर सकती थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब तो सरकार इसे बेचने जा रही है जो नीमच जिले की जनता के साथ धोखा है। सीसीआई प्लांट से 3500 लोग प्रत्यक्ष व करीब 10 हजार लोग अप्रत्यक्ष रूप से सीधे जुड़े हुए थे। वर्तमान सांसद सुधीर गुप्ता ने भी अपने पहले कार्यकाल में सीसीआई को पुनः चालू करवाने का संकल्प लिया था। लेकिन उनके तीसरे कार्यकाल में भी ऐसा नहीं हुआ। होने वाली नीलामी नीमच अंचल ही नहीं समूचे एमपी के लिए शर्म की बात है। पूर्व में भी हमने विरोध दर्ज कराया था।