तराना। थाना परिसर तराना में रविवार को उज्ज़ैन जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पल्लवी शुक्ला के निर्देशन में एवं एसडीओपी भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन तराना, माकड़ौन, कायथा तीनों थाना के थाना प्रभारियों के नेतृत्व में बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बलवा भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठी चार्ज घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। आगामी त्यौहारों को देखते हुए बलवा ड्रिल का अभ्यास करने के साथ पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभ्यास के दौरान बलवाइयों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनपर पथराव कर रहे दंगाइयों को तितर-बितर कर उन पर नियंत्रण पाने का अभ्यास किया गया। एसडीओपी श्री भास्कर के अनुसार बलवा ड्रिल अभ्यास के लिए पुलिस की अलग टीम बनाई गई है। अभ्यास के दौरान विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी करते प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने समझाने की कोशिश तो भीड़ अचानक उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव करने लगी। इस पर पुलिस की ओर से अनाउंसमेंट करके पहले उन्हें चेतावनी दी गई। जब वे नहीं माने तो भीड़ पर काबू पाने के लिए टीयर गैस के गोले दागे गए। इसके बाद भी भीड़ के उग्र होने पर पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। जिसमें कुछ प्रदर्शनकारी घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान तराना थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह दलोदिया , कायथा थाना प्रभारी राजकुमार कोरी , माकड़ौन थाना प्रभारी प्रदीप सिंह राजपूत सहित तीनों थाने के पुलिस जवान उपस्थित थे।