इंदौर। रंगपंचमी से दो दिन पहले प्रशासनिक अधिकारी गेर मार्ग पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। सबसे पहले वे टोरी कॉर्नर चौराहे पर पहुंचे, इसके बाद उन्होंने वहां से पैदल गेर मार्ग का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रास्ते में आ रही सभी अड़चनों को आज और कल में ही दूर कर दिया जाए। बता दें कि इंदौर की रंगारंग गेर में हर साल पांच लाख से ज्यादा लोग शामिल होते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि पूरे रास्ते में बिजली के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। गेर के अनुरूप बिजली के तारों को ऊंचा किया जाए और बिजली डीपी पर सुरक्षा के पर्याप्त उपाय किए जाएं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और आपातकालीन स्थिति के लिए जगह-जगह एक दर्जन से अधिक एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी। वहीं, पुलिस ने हुड़दंगियों से ऑन-द-स्पॉट निपटने की पूरी तैयारी कर ली है।
सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रास्तों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
इस बार नहीं निकलेगी रसिया कॉर्नर की गेर
इस बार ओल्ड राजमोहल्ला से निकलने वाली रसिया कॉर्नर की गेर नहीं निकलेगी। समिति के पं. राजपाल जोशी ने बताया कि यह गेर अपने 52वें वर्ष में थी, लेकिन प्रमुख संरक्षक पं. क्रांति सागर जोशी के हाल ही में निधन के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष यह गेर और अधिक भव्य रूप में प्रस्तुत की जाएगी।
गेर में दिखेगा बरसाना की लट्ठमार होली का नजारा
संगम कॉर्नर चल समारोह समिति ने गेर की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसमें कॉलेज के युवाओं से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को आमंत्रित किया गया है। इस बार गेर में बरसाना की लट्ठमार होली की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके अलावा, मिसाइलों से रंग उड़ाने की विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिससे रंगों की बौछार का अनूठा दृश्य नजर आएगा।
मॉरल क्लब की गेर में दिखेगा नया अंदाज
मॉरल क्लब भी इस बार गेर में कुछ अलग अंदाज की तैयारियों में जुटा है। अभिमन्यु मिश्रा ने बताया कि पारंपरिक गेर को लेकर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इस गेर में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और दर्शकों को एक अनोखा अनुभव मिलेगा।
रंगपंचमी पर निकलने वाली इन पारंपरिक गेरों को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है, और सभी इसे देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।