सागर। सरकार की प्राइज सपोर्ट स्कीम के तहत रबी विपणन वर्ष के लिए चना, मसूर और सरसों के पंजीयन की तारीख बढ़ाकर 21 मार्च तक कर दी गई है। कलेक्टर संदीप जीआर ने बताया कि चना, मसूर व सरसों के पंजीयन की तिथि 17 मार्च तक निर्धारित की गई थी। सोमवार को पंजीयन कराने का आखिरी दिन था। लेकिन किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पंजीयन की तारीख को बढ़ाकर 21 मार्च तक किया गया है।
उन्होंने किसानों से 21 मार्च से पहले चना, सरसों की उपज का पंजीयन कराने की अपील की है। ताकि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल का उपार्जन किया जा सके।
कृषि विकास विभाग के उप संचालक राजेश त्रिपाठी ने बताया सागर जिले में गेहूं का पंजीयन कार्य जिन केंद्रों पर किया जा रहा है, उन्हीं केंद्रों पर चना, मसूर, सरसों का भी पंजीयन कार्य किया जा रहा है। इस प्रकार जिले में 108 पंजीयन केंद्रों पर गेहूं, चना, मसूर, सरसों का पंजीयन कार्य 21 मार्च तक किया जाएगा।
पंजीयन की निशुल्क व्यवस्था के तहत स्वयं के मोबाइल से एमपी किसान एप के माध्यम से ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों और पूर्व वर्ष की भांति सहकारी समितियों द्वारा (सिकमी, बटाईदार, कोटवार व वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति, विपणन सहकारी संस्था स्तर पर स्थापित पंजीयन केंद्रों पर उपलब्ध होगी। किसान अपनी उपज का पंजीयन कराने से पहले आधार नंबर से बैंक खाता और मोबाइल नंबर को लिंक करा लें।