इंदौर। अपने अपने राम कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को कवि डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि राम कथा आत्मा की इम्यूनिटी बढ़ाती है। ताजमहल पर टिप्पणी करते हुए कहा दिल्ली में जब कोई विदेशी मेहमान आता है तो उसे आगरा में ताजमहल के सामने ले जाकर खड़ा कर देते हैं।
दो कब्रें दिखाकर उसे प्यार की निशानी बताते हैं, अगर प्यार की निशानी ही दिखानी है तो उन्हें बिहार के उस सड़क को दिखाना चाहिए, जहां पत्थर की ठोकर से गिरने पर पत्नी की मौत के बाद दशरथ माझी ने छेनी हथौड़ी से पहाड़ काटकर सड़क बना दी थी।
टैक्स को लेकर तुलसीदास के दोहे से बताया पानी जैसा टैक्स ले सरकार
कुमार विश्वास ने टैक्स को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार और केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण पर चुटीले अंदाज में तंज कसा। विश्वास ने गोस्वामी तुलसीदास के दोहे से ष्बरषत हरषत लोग सब, करषत लखै न कोइ। तुलसी प्रजा सुभाग ते, भूप भानु सो होइष् का अर्थ समझाते हुए बताया कि टैक्स सूर्य जैसा लेना चाहिए।
जैसे सूर्य महासागर, तालाब और लौटे सब से पानी सोखते हैं लेकिन किसी में पता नहीं चलता और जब वही पानी बादल बनकर हर जगह समान रूप से बरसता है तो सब खुश होते हैं। विश्वास ने आगे बीजेपी सरकार पर चुटकी लेते हुए बोले कि राम राज्य सरकार वालों को भी ऐसा ही टैक्स लेना चाहिए।
विदेशियों की रील में मोटिवेशन
कुमार ने कहा कि आज का युवा विदेशियों की रील में मोटिवेशन ढूंढ़ रहे हैं, लेकिन हर घर में गीता, मानस रखी है उसे नहीं पढ़ते। विश्वास ने नाम लिए बगैर दिल्ली के कुछ छात्रों के एक खास वर्ग और कुछ इतिहासकारों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा इतिहास पढ़ाकर भारत को कई हिस्सों में बांटा है।
वाशिंगटन, दुबई को आज की लंका बताते हुए उन्होंने कहा कि पाश्चात्य संस्कृति, मतांतरण को रोकने, ऐसों से लड़ने के लिए भारत को एक होना पड़ेगा। जिस तरह भगवान राम के सखा केवट थे और उन्होंने शबरी के जूठे बेर खाए थे। उसी तरह आज भी सभी वर्गों को एक साथ होकर लड़ना पड़ेगा।
अश्लील कंटेंट परोसने वालों को प्रायश्चित करने का संदेश
पहले दिन कार्यक्रम के दौरान विश्वास ने समय रैना के शो श्इंडिया गॉट लेटेंटश् के विवाद का जिक्र किया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि रणवीर अलाहाबादिया ने 2 घंटे का इंटरव्यू लिया था, लेकिन उस शो को देखकर दुःख हुआ। समय रैना भी बार बार मिलने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को कथा सुनकर प्रायश्चित करना चाहिए।
जिनकी दिव्य दृष्टि होती है वे अमृत ढूंढते हैं
विश्वास ने कहा कि ढूंढने वाले तीन घंटे के शो में 20 सेकेंड का क्लिप ढूंढ लेते हैं। चातक जमीन पर रहकर आसमान की ओर देखता है कि अमृत की बूंद मिल जाए और गिद्ध आसमान में रहकर जमीन पर मृत शरीर ढूंढता है। इसी प्रकार जिनकी गिद्ध दृष्टि होती है वे 20 सेकेंड ढूंढते हैं, जिनकी दिव्य दृष्टि होती है वे अमृत ढूंढते हैं।