रतलाम। धुलेंडी के बाद अब रंगपंचमी पर जमकर रंग गुलाल उड़ेगा। शहर में रंगारंग गेर निकलेगी। मशीन से गुलाल उड़ेगा फाइटर से रंगों की बौछार की जाएगी। घोड़े, ऊंट, ढोल-ताशे, डीजे के साथ युवाओं की टोलियां झूमते हुए गेर में शामिल होगी। रंगपंचमी का त्योहार 19 मार्च को मनाया जाएगा। शहर के धानमंडी क्षेत्र से रंगारंग गेर निकाली जाएगी। 5 घोड़े, 1 ऊंट, बैंड, डीजे, ढोल-ताशे के साथ युवाओं की टोलियां झूमती हुई निकलेंगी। गेर रतलाम सांस्कृति मंच नर नारायण ग्रुप द्वारा निकाली जाएगी।
ग्रुप के अक्षय व्यास ने बताया कि शहर में 33 सालों से गेर निकाली जा रही है। पहले मंच के वरिष्ठों के नेतृत्व में रंगारंग गेर निकाली जाती थी। पिछले 13 सालों से युवाओं द्वारा आयोजन किया जा रहा है। पहले इसका नाम रतलाम जागृति मंच था। अब रतलाम सांस्कृतिक मंच नर नारायण ग्रुप रखा है। ग्रुप के पदाधिकारियों व सदस्यों ने गेर में शामिल होने वाले सभी युवाओं से अपील की है कि यह रंगों का पर्व है। इसे शांति और सौहार्द पूर्ण तरीके से मनाएं। प्लास्टिक की थैलियों में नाली का गंदा पानी व अन्य गंदगी भरकर एक-दूसरों पर और मकानों पर ना फेंके।
पुलिस रहेगी अलर्ट
रंगपंचमी पर पुलिस भी अलर्ट रहेगी। ड्रोन से नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की हरकत दिखने पर कार्रवाई की जाएगी।
गेर 19 मार्च की सुबह 11 बजे से धानमंडी (रानी जी का मंदिर) से शुरू होगी। जो गणेश देवरी, न्यू क्लॉथ मार्केट, माणकचौक, घासबाजार, चौमुखीपुल, चांदनीचौक, तोपखाना, हरदेव लाला पिपली, आबकारी चौराहा, ब्राह्मणों का वास, नाहरपुरा होते हुए डालूमोदी बाजार पहुंचेगी। जहां कला अभिनय मंच द्वारा गेर का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद गेर का समापन होगा।
जानिए गेर में क्या रहेगा खास
ढोल-ताशों के साथ आदिवासी नृत्य करते युवाओं की टोलियां शामिल होंगी।
मशीन से 20 क्विंटल से अधिक अलग-अलग रंग का गुलाल उड़ाया जाएगा।
10 किलो गुलाबी रंग फाइटर के माध्यम से उड़ाया जाएगा।
फाइटर के साथ-साथ एक निजी पानी का टैंकर भी चलेगा, जो फाइटर में पानी भरेगा।