इंदौर। रंगपंचमी की पूर्व संध्या पर बजरबट्टू सम्मेलन का आयोजन हुआ। इससे पहले विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इसमें इस बार मंत्री कैलाश विजयवर्गीय श्री पितरेश्वर धाम के फलाहारी बाबा का गेटअप लेकर शामिल हुए। वह रथ पर सवार थे।
शोभायात्रा में डीजे-बैंड की धुनों पर लोग नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। कलाकारों ने भगोरिया नृत्य किया। वहीं कुछ कलाकार भांगड़ा और गिद्दा करते नजर आए। बच्चियां साफा बांधकर और हाथों में तलवार लेकर शामिल हुई। साधु-संत के साथ किन्नर समुदाय के लोग भी गाड़ी-बग्घी में बैठकर यात्रा में शामिल हुए।
इसमें कई झांकियां भी शामिल हुई। शोभायात्रा के बाद हास्य कवि सम्मेलन हुआ।
विजयवर्गीय बोले-इंदौर तो त्योहारों का ही शहर
विजयवर्गीय ने कहा, ष्इंदौर तो त्योहारों का ही शहर है। यहां रंग पंचमी बहुत मस्ती और उत्साह के साथ मनाई जाती है। मुझे नहीं लगता कि दुनिया में कहीं और इस तरह का रंग पंचमी उत्सव मनाया जाता होगा। पूरा शहर मानो सड़कों पर उतर आता है, लोग एक-दूसरे को रंग लगाते हैं, कोई किसी को पहचानता तक नहीं, फिर भी सभी एक-दूसरे को शुभकामनाएं और बधाइयां देते हैं। यह इस शहर की खूबसूरती है कि यहां के लोग इसे दिल से प्यार करते हैं।ष्