रतलाम। एसपी ऑफिस में मंगलवार को आमजनों की समस्याओं के निराकरण को लेकर एक साथ सभी पुलिस अधिकारी बैठे। सीएम हेल्पलाइन से लेकर जनसुनवाई में आई थाना वार शिकायतों का निराकरण किया। 40 शिकायतों में से 17 का मौके पर ही निराकरण किया।
रतलाम एसपी अमित कुमार द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण को लेकर समीक्षा की। एएसपी से लेकर एसडीओपी, सीएसपी, थाना प्रभारियों को एक साथ बैठाया, खुद एसपी भी साथ में बैठे। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त लंबित शिकायतों पर की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को समय पर निराकरण करने के लिए सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
17 सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायतों का निराकरण करवाया
इस दौरान 40 आवेदकों की शिकायतें आई। जिनमें से 17 सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायतों का हाथों हाथ निराकरण करवाया। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान, जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों समेत जिले के सभी थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी अमित कुमार ने बताया कि एक साथ सभी अधिकारियों को बैठाने का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। यह प्रक्रिया नागरिकों की समस्याओं को सुलझाने और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए नियमित रूप से जारी रहेगी।