नीमच। आगामी दिनांक 24 मार्च 2025 को नगर पालिका परिषद नीमच का वर्ष 2025-26 का बजट पेश किए जाने हेतु साधारण सम्मेलन रखा गया है, परिषद का बजट लगभग पौने तीन अरब का होकर इसमें विशेष तौर पर विकास व निर्माण कार्यों पर जोर दिया गया है।
बजट में शहर के साथ-साथ वार्डों के विकास व निर्माण कार्यों के लिए विभिन्न योजनाओं को शामिल किया गया है, पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाते हुए शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना सम्मिलित है।
बजट में शहर के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए आय और व्यय के बीच संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया गया है, केंद्र व राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप देते हुए उनके क्रियान्वयन पर नियंत्रण रखते हुए शहर को कई सौगातें देने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है तथा शहर की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल प्रतियोगिता हेतु संसाधन व व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है, यह कहा जा सकता है कि परिषद का प्रस्तावित बजट सर्वस्पर्शी, सर्वहितकारी होकर स्वागत योग्य है।