नीमच। शहर के तहसील भवन पर आज मध्य प्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ से जुड़े नीमच और जीरन के कोटवारों द्वारा ज्ञापन देकर वर्दी की नकद राशि कोटवारों के बैंक खाते में जमा करने की मांग की गई है। कलेक्टर के नाम से नजीर को दिए गए ज्ञापन में कोटवारों द्वारा कहा गया है कि हम सिली हुई वर्दी नहीं लेना चाहते। इसलिए हमें वर्दी का नाप देने के लिए प्रोत्साहित न किया जाए। कोटवारों ने कहा है कि हम अपनी स्वेच्छा से वर्दी का नाप देने में असमर्थ है। कोटवारों ने यह भी कहा कि मोबाइल पर मैसेज भेजकर हमें पीडीएफ के माध्यम से वर्दी और जूते का नाप देने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। कोटवारों ने बताया कि अधिकतर जिलों में वर्दी की राशि नकद बैंक खातों में दी गई है।
बताते चलें कि इससे पूर्व भी बड़ी संख्या में कोटवारों ने लामबंद होकर जूते, वर्दी, बेल्ट, टॉर्च आदि की राशि बैंक खाते में डाले जाने की बात कही थी। कोटवारों का यह कहना था कि पिछले वित्तीय वर्षों में हमें वर्दी आदि के लिए राशि बैंक खातों के माध्यम से दी जाती थी। आज ज्ञापन देते समय बड़ी संख्या में कोटवार मौजूद रहे।