नीमच। नगर पालिका परिषद ने स्वच्छता के प्रति एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नीमच शहर के प्रमुख स्थानों पर रात्रि कालीन स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। बीती रात नीमच नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने नगर के प्रमुख स्थानों जैसे दशहरा मैदान और गणेश मंदिर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने के लिए अपना पसीना बहाया।
नगर पालिका के स्वच्छता अभियान से जुड़े अमले के अनुसार सुलभ कॉम्प्लेक्स और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। इन दिनों यह अभियान दिन और रात दोनों समय चलाये जाने की संभावना है। इस तरह के अभियान चला कर नीमच वासियो को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिले, यह अपेक्षा शहर का नागरिक लगातार कर रहा है। नगर पालिका ने उन व्यापारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की हिदायत दी है, जो गंदगी फैलाते हैं और पॉलीथिन का उपयोग करते हैं। बीती कल चलाए गए रात्रि कालीन सफाई अभियान की जनता द्वारा सराहना की गई। साथ ही यह अपेक्षा भी की जा रही है कि यह महज औपचारिकता ना बन जाए।