नीमच। नगरपालिका में पूर्व कार्यालय अधीक्षक राजेंद्र जैन द्वारा बिना अनुमति के राजस्व विभाग में फाइलें देखने और सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ के साथ किए गए अभद्र व्यवहार से आक्रोशित कर्मचारियों ने आज कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ के साथ लामबंद होकर पहुंचे नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवेदन में कहा है कि पूर्व ओएस राजेंद्र जैन के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा,शासकीय दस्तावेज से छेड़छाड़ तथा अधिकारियों व कर्मचारियों से गाली गलौज करने और भविष्य में देख लेने की धमकी के संबंध में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारी भय मुक्त होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सके।
ज्ञापन देने के बाद महेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि सेवानिवृत्ति कार्यालय अधीक्षक जो कि वर्तमान में नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा के निजी सलाहकार है ,राजस्व शाखा में कर्मचारियों की कुर्सी पर बैठकर राजस्व कक्ष के अलमारी से स्वयं फाइलें निकालकर देख रहे थे और उसके फोटो भी ले रहे थे। इस बात की सूचना मिलने के बाद जब मैं विभाग में पहुंचा और उनसे पूछा कि आप किस हैसियत से फाइल है देख रहे हैं तो राजेंद्र जैन तू तड़ाक की भाषा में मुझसे पूछने लगा कि तू कौन? जब मैंने कहा कि मैं सीएमओ।तब उनका जवाब था कि मैं तुझे सीएमओ नहीं मानता।
महेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि राजेंद्र जैन को जाने की कहने पर उसने मुझे गंदी-गंदी गालियां दी और मारने के लिए भी लपका। वशिष्ठ ने कहा कि राजेंद्र जैन चूंकि नगरपालिका अध्यक्ष के निजी सहायक है, और इसी बात का पावर दिखा रहे हैं।वे बोले, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने इस घटना पर अभी तक मुझसे बात करना जरूरी नहीं समझा। ना ही राजेंद्र जैन के खिलाफ कोई कार्यवाही की। सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ ने जोर देकर कहा कि इस मामले में राजनीतिक दबाव आने पर पीछे नहीं हटूंगा, चाहे मेरा ट्रांसफर कर दिया जाए।