उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 मार्च को तराना में नर्मदा-शिप्रा परियोजना के अंतर्गत पाइपलाइन का लोकार्पण करेंगे। इस योजना से उज्जैन और शाजापुर जिले के 100 गांवों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा, जबकि उज्जैन, नागदा, तराना, घट्टिया, शाजापुर और मक्सी को पेयजल एवं औद्योगिक उपयोग के लिए पानी प्राप्त होगा।
परियोजना के तहत ओंकारेश्वर जलाशय, ग्राम बड़ेल (जिला खंडवा) से भूमिगत पाइपलाइन द्वारा 15 घन मीटर प्रति सेकेंड की दर से जल 435 मीटर ऊंचाई तक लिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए कुल 6 पंपिंग स्टेशन और 50 पंप मोटरों का उपयोग किया जाएगा।
100 गांवों की 30 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
सीएम मोहन यादव गुरुवार को सुबह 9ः30 बजे शिप्रा नर्मदा परियोजना के 2489.65 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस मौके पर सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद बाल योगी उमेश नाथ महाराज, मंत्री गौतम टेटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। परियोजना से कुल 100 गांवों की 30218 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जिससे उज्जैन जिले की दो तहसील (तराना, घटिया), विधानसभा क्षेत्र तराना के कुल 83 गांवों की 27490 हेक्टेयर भूमि और शाजापुर जिले की एक तहसील (शाजापुर) विधानसभा क्षेत्र शाजापुर के कुल 17 गांवों की 2728 हेक्टेयर भूमि लाभान्वित होगी।
परियोजना में कुल 2254 कि.मी. (3000 एम. एम. व्यास से 63 एम. एम. व्यास) पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तराना में श्री तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर के नए महंत की चादर विधि कार्यक्रम एवं महारुद्र यज्ञ में शामिल होंगे।
कई शहरों और गांवों को मिलेगा लाभ
जिले में उद्योग एवं पेयजल के लिए 129.60 एमएलडी जल उपलब्ध कराया जाएगा। नागदा नगर में भी उद्योग एवं पेयजल आपूर्ति के लिए 129.60 एमएलडी जल मिलेगा। वहीं, तराना, घट्टिया और गुराड़िया गुर्जर में प्रत्येक को 21.60 एमएलडी पेयजल उपलब्ध होगा। इसके अलावा, शाजापुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और शाजापुर नगर के पेयजल आपूर्ति के लिए 43.20 एमएलडी जल प्रदान किया जाएगा, जबकि मक्सी में पेयजल एवं औद्योगिक उपयोग के लिए 43.20 एमएलडी जल उपलब्ध कराया जाएगा।