नीमच। कैंट पुलिस ने 15 मार्च को शहर के टीचर कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी का मात्र चार दिनों में पर्दाफाश करने में अहम सफलता प्राप्त की है। आरोपी राधेश्याम पिता मांगीलाल तंवर उम्र 40 वर्ष निवासी छापीहेड़ा राजगढ़ को गिरफ्तार कर उसके पास से 30 ग्राम सोना, साढ़े पांच किलो चांदी, नगदी 7000 रूपए बरामद किए गए हैं।

इस बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एसपी अंकित जायसवाल ने बताया कि कैंट थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान, छापीहेड़ा के निरीक्षक सुनील केवट साइबर सेल और नीमच कैंट की टीम ने ऑपरेशन नीमच आई सीवीसीटीवी कैमरा की सहायता ली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी के राजगढ़ जिले में होने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस द्वारा आरोपी राधेश्याम को गिरफ्तार किया गया।

अंकित जायसवाल ने बताया कि आरोपी राधेश्याम नीमच, मंदसौर, राजस्थान जिलों में सूने घरों में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। साथ ही वह आपराधिक गतिविधियों में भी लिप्त है। एसपी जायसवाल ने यह भी बताया कि जुआरियों पर नीमच पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ईदगाह कॉलोनी के पीछे खेत में चल रहे जुए के अड्डे पर बीती दबीश देकर 11 आरोपियों को रंगे हाथों जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के पास से 69350 रूपए नगद, ताश पत्ते सहित 10 मोबाइल जप्त किए गए। उन्होंने पत्रकारों को यह भी जानकारी दी की साइबर सेल द्वारा वर्ष 2024-25 में प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की गई है। कुल 17 लाख 50 हजार की राशि रिफंड की गई है। धोखाधड़ी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त 90 मोबाइल नंबरों को ब्लॉक किया गया है। 23 लाख रुपए के 130 गुम मोबाइल वास्तविक धारको तक पहुंचाए गए हैं। इस मामले में उन्होंने साइबर सेल के प्रदीप शिंदे और टीम की खास सराहना की।