खरगोन। जिले के ग्राम देवली और कोठा बुजुर्ग में करीब 35 एकड़ की मक्का फसल खराब होने की वजह गुणवत्ताहीन बीज होने का खुद प्रशासनिक स्तर पर गठित दल द्वारा प्रतिवेदन जारी कर पुष्टि करने के बाद भी संबंधित विक्रेता और कंपनी पर कार्रवाई नहीं होने से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
गुरुवार को प्रभावित किसान कृषि उप संचालक कार्यालय पहुंचे। यहां उप संचालक एसएस राजपुत से मुलाकात कर उनके नुकसान की भरपाई के साथ ही संबंधित कंपनी पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। डीडीए से मिलने पहुंचे छन्नुलाल कुमरावत, नरेंद्र, दिलीप, कन्हैयालाल, दिनेश, प्रेमलाल, सोहन आदि कसानों ने बताया कृषि अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों के दल ने प्रभावित फसल का निरीक्षण करने के बाद फसल के अफलन का कारण बीज को मानते हुए इसकी रिपोर्ट एक माह पहले कृषि विभाग को दे दी है, इसके बावजूद अब तक विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नही कि जा रही, जिससे किसानों को कृषि विभाग की मंशा पर भी संदेह हो रहा है। इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन को भी लिखित में दे चुके है।