बागली। नगर परिषद बागली का वार्ड क्रमांक एक में आजादी के बाद पहली बार नल जल योजना के माध्यम से रहवासियों के घर के आंगन में नल के माध्यम से पानी पहुंचा है।
नगर परिषद बागली के वार्ड क्रमांक एक में लगभग 1000 परिवार निवास करते हैं, जो कि लंबे समय से पेयजल पानी के लिए काफी परेशान थे। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीमा कमल यादव एवं पार्षद अमित धूलिया के प्रयास से वार्ड क्रमांक एक के रह वासियों की पेयजल समस्या से अब उन्हें राहत मिली है।
नेमावर हाटपिपल्या पेयजल योजना अंतर्गत शहरी पेयजल योजना के माध्यम से प्रत्येक घर को नल कनेक्शन दिया गया है। गुरुवार के दिन नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव, पार्षद अमित धूलिया, वरिष्ठ एडवोकेट प्रवीण चौधरी की उपस्थिति में उक्त वार्ड में पेयजल वितरण प्रारंभ किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि कमल यादव ने बताया कि एक समय ऐसा था कि नगर में हमेशा पेयजल संकट बना रहता था। गर्मी के दिनों में पेयजल पूर्ति के लिए लाखों रुपए खर्च होते थे, लेकिन अब पहले की तुलना में आधी राशि भी पेयजल पर खर्च नहीं होती है, और आसानी से नगर के प्रत्येक वार्डों में पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। अमित धूलिया ने बताया कि वार्ड क्रमांक एक के रहवासी लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे थे। आजादी के बाद पहली बार उनके घर के आंगन में सरकार की योजना के अंतर्गत नल के माध्यम से पानी आया है। इस दौरान दीषिका पिता संजय चौहान कन्या के पैर धोकर पूजन किया गया। साथ ही महिलाओं द्वारा नलों का पूजन किया गया और कलश भरकर कलश का भी महिलाओं ने पूजन किया। रामप्यारी बाई सहित महिलाओं ने बताया कि नल के माध्यम से उनके आंगन में पहली बार पानी आया है। इसको लेकर काफी उत्साहित है क्योंकि उन्हें पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूर दराज से पानी लाना पड़ता था। वार्ड के वरिष्ठजन प्रहलाद पाचौटीया ने बताया कि आजादी से लेकर आज तक पेयजल के लिए हम सभी परेशान थे, लेकिन पहली बार नगर परिषद अध्यक्ष एवं पार्षद के प्रयास से उन्हें इस समस्या से निजात मिली है। जब घरों के आंगन में लगे नलों में पानी आया तो महिला ओ के चेहरे खिल उठे,यह समस्या पुर्व में कोई भी हल नहीं कर पाया था लेकिन वर्तमान नप अध्यक्ष की सक्रियता के चलते वर्षों पुरानी समसया हल हो गई है।