नीमच। मध्य प्रदेश में ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों पर हो रहे जानलेवा हमले और हत्या की घटनाओं से आक्रोशित मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर संघ ने मुख्यमंत्री के नाम आज कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन देकर कड़ी आपत्ति व्यक्त की है, और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना को दिये गए ज्ञापन में कहा गया है कि मऊगंज जिले में पुलिस पार्टी पर अपराधियों और उनके समर्थकों ने जानलेवा हमला किया, जिससे सहायक उप निरीक्षक राम चरण गौतम की हत्या हो गई और अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए। इसके अलावा, इंदौर में तुकोगंज थाना क्षेत्र में विधि व्यवसायियों ने पुलिस जवानों पर हमला किया और उन्हें मारपीट का शिकार बनाया। इन घटनाओं के बाद पुलिसकर्मियों पर उल्टा आरोप लगाए जाते हैं और उन्हें निलंबित कर दिया जाता है। पुलिस पेंशनर संघ ने मांग की है कि मऊगंज में श्री राम चरण गौतम की हत्या के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।मृतक के परिवार को शासकीय नौकरी, शहीद का दर्जा, और एक करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जाए। इंदौर की घटना में निलंबित कर्मचारियों को बहाल किया जाए और पुलिस पर हमलावर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए।पुलिस की सुरक्षा के लिए एक नया कड़ा कानून बनाया जाए, जिसमें कड़ी सजा का प्रावधान हो।यदि उचित कार्रवाई नहीं की जाती है,तो पुलिस पेंशनर संघ पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगा।पुलिस पेंशनर संघ ने शासन से कार्रवाई की उम्मीद जताई है।