रतलाम। शहर समेत जिले में शुक्रवार को शीतला सप्तमी मनाई जा रही है। अल सुबह से शहर के क्षेत्रों में स्थित शीतला माता मंदिरों पर पूजा-अर्चना करने के लिए महिलाओं की भीड़ है। बड़ी शीतला माता मंदिर पर पूजा अर्चना के लिए महिलाओं की लाइन लग गई।
महिलाएं सज धज कर सोलह श्रृंगार कर पूजा की थाल हाथों में लेकर मातारानी के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मातारानी को ठंडे पकवानों का भोग लगाकर नारियल चढ़ाया। मान्यता के अनुसार मातारानी को ठंडे भोजन का भोग लगाया जाता है और परिवार के सभी सदस्य इसे ग्रहण करते हैं। घर, परिवार की सुख समृद्धि की कामना के साथ शीतला सप्तमी की पूजा की जाती है।
शहर के बड़ी शीतला माता और पूर्णेश्वर महादेव मंदिर के पास छोटी शीतला माता मंदिर पर बड़ी संख्या में महिलाएं पूजा के लिए पहुंची। घरों में शीतला सप्तमी पर भोग लगाने के लिए चावल, लापसी, मक्की की घाट, ढोकले, दही बड़े, पूड़ी-सब्जी समेत कई तरह के पकवान बनाए। जो मातारानी को भोग लगाए जाते है।
नामली में लगता है मेला
नामली के पास स्थित शीतला माता मंदिर पर दो दिवसीय मेला लगता है। यहां पर बड़ी संख्या में आसपास की जनता पहुंचती है। माता रानी की पूजा करती है। श्रद्धालु मेले का आनंद लेते है।