इंदौर। हनी सिंह और दिलजीत दोसांझ के बाद, मार्च और अप्रैल में तीन और बड़े लाइव कॉन्सर्टआयोजित होने वाले हैं। इंदौर में 23 मार्च को सुनिधि चौहान, 27 मार्च को अल्ताफ राजा और 19 अप्रैल को अरिजीत सिंह का लाइव कॉन्सर्ट होना है।
इन कॉन्सर्ट की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम, इंदौर मनोरंजन कर की वसूली को लेकर पहले से ही एक्शन मोड में आ गया है। निगम अधिकारियों ने इन कॉन्सर्ट के आयोजकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। बता दें कि इंदौर में हुए दिलजीत दोसांझ और हनी सिंह के कॉन्सर्ट में टैक्स को लेकर हुआ विवाद अभी तक जारी है।
इंदौर में गायक अरिजीत सिंह का कॉन्सर्ट सी-21 मॉल में, सुनिधि चौहान का लाइव कॉन्सर्ट लाभगंगा में, और अल्ताफ राजा का कॉन्सर्ट मार्क क्लब में आयोजित होने जा रहा है। नगर निगम की प्रभारी अपर आयुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि, इन सभी कार्यक्रमों के आयोजन स्थलों के संचालकों को निगम द्वारा नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इस नोटिस में संचालकों को निर्देश दिया गया है कि नियमों के अनुसार, इस तरह के आयोजनों में टिकट बिक्री से होने वाली कमाई का 10 प्रतिशत मनोरंजन कर के रूप में जमा करना अनिवार्य है।
संबंधित स्थल संचालकों से कहा गया है कि, वे अपने यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के आयोजकों से चर्चा कर यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित मनोरंजन कर की राशि सही समय पर जमा कर दी जाए।
इंदौर नगर निगम ने हनी सिंह के शो के आयोजकों से 50 लाख रुपए के टैक्स की मांग की थी। 8 मार्च को दोपहर को जीएसटी पोर्टल के माध्यम से नगर निगम ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम के लिए 3 करोड़ 28 लाख रुपए से अधिक के टिकट बिके हैं। नियमों के अनुसार, इस राशि का 10 प्रतिशत मनोरंजन कर और आमोद कर पहले ही जमा कराना अनिवार्य था।
हनी सिंह के कॉन्सर्ट के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 2,500 रुपए तक के टिकट बेचे गए थे। इस मामले पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि, आयोजकों की नीयत ठीक नहीं थी। उन्होंने आयोजकों को पोस्ट-डेटेड चेक देने के लिए कहा, लेकिन आयोजकों ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि वे चेक साथ लेकर नहीं चलते।