इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक अजीब नजारा देखने को मिला। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की स्पीच के दौरान नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा झपकी लेने लगे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, आज इंदौर में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में बजट चर्चा का आयोजन किया गया था। इस दौरान वे राहुल गांधी के बयान, कर्नाटक सरकार के आरक्षण फैसले और शिवाजी बनाम औरंगजेब के मुद्दे पर अपने विचार रख रहे थे। इस दौरान हाल ही में इंदौर नगर अध्यक्ष बने सुमित मिश्रा को नींद लग गई। उनकी झपकी लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखा रहा है कि पूर्व मंत्री रविशंकर प्रसाद मंच पर अर्थव्यवस्था, आरक्षण और राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा आराम से सोते दिखे। यह दृश्य वहां मौजूद कई लोगों की नजर में आ गया, जिसके बाद यह चर्चा का विषय बन गया। इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि जब इतने महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही थी, तब नगर अध्यक्ष की इस लापरवाही को कैसे देखा जाए?