नीमच। आज नीमच के श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद 2025 का आयोजन किया गया।युवाओं में राजनीतिक और नेतृत्व कौशल को बढ़ावा देने के लिए यह एक गतिशील मंच था। इस आयोजन में नीमच मंदसौर संसदीय क्षेत्र के 18 से 25 वर्ष के युवाओं ने भाग लिया। आयोजन में हिस्सा लेने के लिए 250 रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुए थे, जिसमें से स्क्रीनिंग कमेटी ने 150 युवाओं का चयन किया। कार्यक्रम में प्रतिभागी युवाओं को 3 मिनट बोलने का समय दिया गया।
युवाओं ने एक राष्ट्र एक चुनाव विकसित भारत की ओर बढ़ता हुआ एक कदम विषय पर अपने विचार रखें। कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे छात्र-छात्राओं ने देश में युवाओं को सशक्त बनाने और और उन्हें राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने के लिए क्या-क्या किया जा सकता है इस पर अपने-अपने विचार रखें। युवाओं द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव पर भी उद्बोधन दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में शामिल प्रतिभागियों में से 10 युवाओं का चयन कर उन्हें 26 मार्च को मध्य प्रदेश विधानसभा में अपने विचार व्यक्त करने का मौका मिलेगा। इनमें से तीन युवाओं को श्रेष्ठता क्रम के आधार पर चयनित कर संसद में बोलने का अवसर दिया जाएगा। खास तौर पर बताते चलें कि आयोजन का पूरा सेटअप संसद की तर्ज पर पूरी भव्यता और गरिमा के साथ किया गया था। छात्र-छात्राओं द्वारा इस अवसर पर आकर्षक रांगोली भी बनाई गई। आज के कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, सांसद प्रतिनिधि आदित्य मालू, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत मंत्री दर्शन कहार अतिथि के रूप में मौजूद रहे।