नीमच। शहर के सीआरपीएफ रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ हवलदार वीरेंद्र सिंह चौहान का शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सीआरपीएफ द्वारा उनका टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।
शनिवार सुबह तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर उनके गृहनगर जीरन पहुंचा। युवाओं ने तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा निकाली। यात्रा गणपति मंदिर से शुरू होकर जीरन बस स्टैंड, मेरावत मंदिर और प्रतापगढ़ दरवाजा होते हुए राजपूत मोहल्ले में उनके घर पहुंची।
शमशान घाट पर सैकड़ों नगरवासियों ने भारत माता की जय और वीरेंद्र सिंह अमर रहे के नारे लगाए। सीआरपीएफ और पुलिस अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ फायरिंग की गई। तिरंगा दिवंगत वीरेंद्र सिंह के पिता और पुत्र को सौंपा गया। उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी।