रतलाम। जिले में रबी विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, तहसील कार्यालय में स्थापित सुविधा केन्द्रों पर तथा सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित 65 पंजीयन केन्द्रों पर पंजीयन किए जा रहे हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी आनन्द गोले ने बताया कि पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था के तहत एम.पी. आनलाईन कियोस्क, कामन सर्विस सेन्टर कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे पर पंजीयन करवाए जा रहे हैं।जिले में अब तक आलोट तहसील में 6113, रतलाम ग्रामीण में 3691, जावरा में 4412, ताल में 4191, पिपलोदा में 2738, रतलाम शहर में 860, सैलाना में 387, रावटी में 198 तथा बाजना में 33 किसानों ने पंजीयन करवाया है। इस प्रकार जिले में अब तक कुल 22623 किसान पंजीयन किए जा चुके हैं। किसान पंजीयन की अंतिम दिनांक 31 मार्च है। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 15 मार्च से 5 मई तक होना है। रबी विपणन वर्ष 2025-26 में एफएक्यू गुणवत्ता के गेहूं का समर्थन मूल्य (केंद्र शासन द्वारा 2425 रूपए प्रति क्विंटल एवं राज्य शासन का बोनस 175 रूपए प्रति क्विंटल) 2600 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इच्छुक किसान अंतिम तिथि के पूर्व किसान पंजीयन करवाना सुनिश्चित करें।