कुकडेश्वर। भीषण गर्मी के बीच ग्राम पंचायत जनोद ने यात्रियों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर वाटर कूलर की व्यवस्था कर एक सराहनीय पहल की है। सरपंच दिलखुश माणक अहिरवार के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ, जिससे आमजन को ठंडे पानी की सुविधा मिल सकेगी।
गर्मी के मौसम में यात्रियों को स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराना एक बड़ी जरूरत होती है, जिसे ध्यान में रखते हुए पंचायत ने यह कदम उठाया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और सरपंच सहित पंचायत टीम को धन्यवाद दिया।
गांव के वरिष्ठ नागरिकों का कहना है कि इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। पंचायत की इस पहल से यात्रियों को राहत मिलेगी और अन्य पंचायतों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।