विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में रंगई स्थित बाल वाले गणेश मंदिर में कल होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश के पूर्व सीएम और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना के साथ शामिल हुए। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने भक्ति और देशभक्ति गीत गाकर समा बांध दिया। वहीं, मंत्री के गीत पर कार्यकर्ता जमकर थिरकते नजर आए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्नी साधना के साथ मंदिर में भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। इसके बाद फूलों और गुलाल से होली खेली। भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन का फूलों से और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान शिवराज सिंह ने कहा, “यह संयोग ही है कि जब वह पहली बार विदिशा के सांसद बने थे तब 6 महीने के भीतर उनकी शादी हुई थी। इतने अंतराल के बाद अब दोबारा सांसद बने हैं तब दो बेटियां बहू के रूप में उनके घर आई हैं। उन्होंने आगे कहा, “किसानों को उपज के ठीक दाम मिल सके, इसके लिए हमने योजना बनाई है। हमने तय किया है कि अगर किसान अपने फल-सब्जियों को राज्य सरकार की एजेंसी या नेफेड के माध्यम से दूसरे राज्यों में बेचने जाते हैं, तो उसके परिवहन का व्यय केंद्र सरकार वहन करेगी।