मंदसौर। मालवा की मंदसौर पुलिस ने सोमवार रात कार्रवाई करते हुए जिले में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस कप्तान के निर्देशन में करीब 51 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में शामिल 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने रात भर गश्त की। अभियान में पुलिस ने 288 वारंटियों को पकड़ा। इनमें 163 स्थायी वारंटी और 119 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र से पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया। मौके से 103.070 किलोग्राम अफीम के हरे डोडे बरामद हुए। अफजलपुर पुलिस ने एक आरोपी से 276 ग्राम अफीम जब्त की। कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने 146 निगरानी बदमाशों की जांच की। इनमें 71 हिस्ट्रीशीटर और 75 अन्य बदमाश शामिल थे। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 37 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनसे कुल 188.98 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 52 हजार 960 रुपए आंकी गई है।