ग्वालियर। पहले सीजन की सफलता के बाद एक बार फिर मध्यप्रदेश लीग टी-20 सीजन 2025 का हाईवोल्टेज खुमार देखने मिलेगा। 31 मई से एमपीएल 2025 का मुकाबला शुरू होने जा रहा है। लेकिन यह मुकाबला इस बार ग्वालियर में नहीं बल्कि इंदौर में आयोजित होगा। एमपीएल के इंदौर शिफ्ट किये जाने से ग्वालियर वासियों के लिए यह निराशा भरा है।
हालांकि एमपीएल आयोजको ने रोटेशन प्रक्रिया के तहत इस शिफ्टिंग को वजह बताया है। इसके साथ ही ब्रॉडकास्टिंग खर्च भी शिफ्टिंग की बड़ी वजह बना है। जिसके चलते सभी मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में ही आयोजित करने का फैसला किया गया है। पिछले साल टूर्नामेंट पर 10 करोड़ रुपये का खर्च आया था, जिसमें ब्रॉडकास्टिंग भी शामिल थी।
ग्वालियर में आयोजित पहले एमपीएल सीजन के फाइनल मुकाबले में हुए उपद्रव के बाद से आयोजनकर्ताओं की काफी किरकिरी हुई थी। यह भी शिफ्टिंग की एक बड़ी वजह बना है। जिसके कारण इस बार सभी मुकाबले इंदौर में आयोजित हो रहे है। आपको बता दे कि 31 मई से एमपीएल 2025 लीग शुरू होगी। लीग में इस बार सागर और उज्जैन की दो टीमें भी बढ़ाई गई है। इस तरह एमपीएल 2025 अब 7 टीमों के बीच खेला जाएगा।