खरगोन। जिले के कसरावद विकासखंड के ग्राम कोगावां स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की बदहाली लगातार बारिश के बाद उजागर हो गई है। स्कूल परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। खेल मैदान तालाब में तब्दील हो चुका है, जबकि विद्यालय परिसर, किचन शेड और प्रवेश मार्ग में भी पानी भरा हुआ है। ऐसे हालात में बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
जलभराव के कारण विद्यालय परिसर में सांप-बिच्छुओं का खतरा बढ़ गया है। साथ ही गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है। बारिश के चलते स्कूल के हैंडपंप के आसपास भी पानी भर गया है, जिससे दूषित पानी पीने का खतरा बना हुआ है।
विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक कुल 20 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन पूरे स्कूल का संचालन केवल एक शिक्षक के भरोसे हो रहा है। वहीं स्कूल भवन की छतों से पानी टपक रहा है और कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ चुका है, जिससे भवन की स्थिति भी जर्जर हो गई है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल परिसर से जल निकासी, भवन की मरम्मत और अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी.एस. निगवाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रही समस्याओं के बीच अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।