खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में शनिवार को प्रसव के बाद एक महिला की अचानक मौत हो गई। मृतका की पहचान रुखा, पति दिनेश बामनिया के रूप में हुई है। महिला ने दोपहर करीब 12 बजे अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था। नवजात को जन्म के बाद आईसीयू में भर्ती किया गया, जबकि परिजनों के मुताबिक प्रसूता की हालत उस समय सामान्य थी और उसने अपनी सास से बातचीत भी की थी।
लेकिन करीब आधे घंटे बाद डॉक्टरों ने महिला की मौत की जानकारी दी, जिससे परिजन भड़क उठे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और सही जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में दो बार प्रसव कक्ष में जाने का प्रयास किया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
वहीं, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रसव के बाद महिला की हालत सामान्य थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।