रतलाम। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में 11 से 18 जुलाई तक विशेष परिवार नियोजन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सही समय पर गर्भधारण, दो बच्चों के बीच उचित अंतराल तथा स्वैच्छिक परिवार नियोजन साधनों के उपयोग को बढ़ावा देकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडीवा ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम ष्मां और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण का सही समय तथा गर्भावस्था के बीच उचित अंतराल जरूरी है, अनचाहे गर्भधारण से बचेंष् निर्धारित की गई है। वहीं अभियान का नारा ष्जब तक बच्चों में हो सही अंतर, परिवार बने स्वस्थ और खुशहालष् रखा गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले की सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही सेल्फ केयर किट के माध्यम से कंडोम, प्रेग्नेंसी टेस्ट किट एवं आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियों का वितरण कर परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। इसके अलावा सास-बहू सम्मेलन एवं परिवार विकास सम्मेलन जैसे जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मंडलोई ने बताया कि अभियान के तहत विवाह के बाद पहले बच्चे के जन्म में कम से कम दो वर्ष की देरी तथा पहले और दूसरे बच्चे के बीच न्यूनतम तीन वर्ष का अंतराल रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवार नियोजन, प्रसव एवं गर्भपात के बाद गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग तथा पुरुष सहभागिता को लेकर भी जागरूक करेंगे।