नीमच। सोशल मीडिया पर लाठी-डंडे, एयर गन एवं अन्य हथियारों के साथ दबंगई का प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल करना नौ युवकों को महंगा पड़ गया। मनासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो की जांच कर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की। इसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन दायमा, आनंद दायमा, लोकेश दायमा, राहुल दायमा, गोविंद दायमा, ओमप्रकाश दायमा, बाबूलाल दायमा, वकील दायमा (सभी निवासी दुर्गापुरा) तथा सोनू लोहार (निवासी भीलवाड़ा) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। मनासा थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भंग करने, हथियारों का प्रदर्शन करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।