चित्तौड़गढ़। राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के तहत शनिवार को चित्तौड़गढ़ जिले में विभिन्न विभागों में चयनित 527 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिले में कुल 597 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। जिला स्तरीय कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बालोतरा जिले के पचपदरा से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी देखा गया। इस दौरान प्रदेशभर में करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक थे। उनके साथ सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाएं प्रदेश के आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
सांसद सी.पी. जोशी ने रोजगार उत्सव को युवाओं की मेहनत और प्रतिभा का सम्मान बताते हुए कहा कि नवनियुक्त युवा ईमानदारी, समर्पण और सेवा भाव से कार्य करते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाएं।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास और रोजगार दोनों क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। वहीं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने नवनियुक्त युवाओं से अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कई नवनियुक्त अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और कठिन परिश्रम को देते हुए राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की।
कार्यक्रम में भूमि विकास बैंक अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, एडीएम दिनेश धाकड़, जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा मेहता एवं पारस टेलर ने किया।