नीमच। शनिवार दोपहर तक तेज गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे, लेकिन शाम करीब 4 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई और मौसम सुहावना हो गया। बारिश के बाद शहर की सड़कों पर ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
इस बीच, चालू वर्षाकाल में जिले में अब तक 7.91 इंच (200.9 मिमी) औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 12.38 इंच (314.5 मिमी) औसत वर्षा हुई थी। अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक नीमच में 8.74 इंच (222 मिमी), जावद में 7.95 इंच (202 मिमी), सिंगोली में 8.93 इंच (226.7 मिमी) तथा मनासा में 6.02 इंच (153 मिमी) वर्षा दर्ज की गई है। वहीं गत वर्ष इसी अवधि में नीमच में 11.56 इंच, जावद में 12.99 इंच, सिंगोली में 17.11 इंच तथा मनासा में 7.87 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 0.69 इंच (17.5 मिमी) वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान नीमच में 1.22 इंच (31 मिमी), जावद में 0.79 इंच (20 मिमी), सिंगोली में 0.64 इंच (16.2 मिमी) तथा मनासा में 0.12 इंच (3 मिमी) बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।