शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में आदिवासी समुदाय के लोगों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। जिसका असर अब सड़क पर भी दिख रहा है। ग्रामीणों द्वारा अंतरा कंकाली मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। जिससे पडरिया नेशनल हाईवे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है। यह नाराजगी उनके धार्मिक स्थल की भूमि पर कब्रिस्तान बनाने को लेकर है।
मामला ग्राम सोहागपुर के पंचायत जुगवारी के खसरा नंबर 245 स्थित आदिवासी समाज के पूज्य स्थल गौथान का है। जहां की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर कब्रिस्तान बना दिया है। जानकारी के अनुसार, अभी हाल ही में गांव के मोहम्मद हुसैन का शव इसी भूमि में दफन किया गया है। इस घटना के बाद आदिवासी ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। जिसे लेकर वे भूमि को कब्जे से मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं।
इसके साथ ही आदिवासी लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि गौथान के पास स्थित यह भूमि उनके पूजा स्थल से जुड़ी हुई है, और इस पर कब्जा कर कब्रिस्तान बनाना उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। हंगामा कर आदिवासी ग्रामीणों ने अंतरा कंकाली मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे पडरिया नेशनल हाईवे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है।