कुकड़ेश्वर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर कुकड़ेश्वर नगर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरपूर रहा, जिसमें नगरवासियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।
चल समारोह का शुभारंभ प्रातः 9.00 बजे जैन मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों दृ चंपा बाजार, रंगारा मोहल्ला, तमोली मोहल्ला, नीम चौक, बाजार, सदर बाजार, बस स्टैंड और मीना चौक से होता हुआ पुनः जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।
चल समारोह में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-धमाके और भजनों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे और श्रद्धालु जगह-जगह पुष्प वर्षा करते नज़र आए। पूरा नगर भक्ति और समर्पण की भावना से सराबोर हो उठा।
इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और त्याग के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य भी किया।