जयपुर। अखिल भारतीय बैरवा महासभा (पंजीकृत S/277 JSC) के राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सुरभि सदन, पिंजरापोल गौशाला, टोंक रोड, सांगानेर (जयपुर) में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, दिल्ली, गुजरात एवं पंजाब सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली रहे, जबकि अध्यक्षता अखिल भारतीय बैरवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदयाल बड़ोदिया ने की। समारोह का शुभारंभ संत शिरोमणि महर्षि बालीनाथ महाराज एवं भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, दौसा विधायक डी.सी. बैरवा, सांगानेर विधायक प्रत्याशी पुष्पेन्द्र भारद्वाज, राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक हरिनारायण बैरवा तथा राष्ट्रीय महामंत्री रामनिवास जोनवाल उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश बैरवा, राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष शकुंतला बैरवा, राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार केरोल, वर्षा रमन सहित नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने समाज में शिक्षा, संगठन, युवा सशक्तिकरण, महिला नेतृत्व एवं सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करते हुए नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन गिरधारी लाल ने किया। समारोह की व्यवस्थाओं का दायित्व राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष डॉ. संजय बड़ोदिया एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक निभाया।
अंत में राष्ट्रीय युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश बैरवा ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।