नीमच। आगामी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को भव्य, आकर्षक एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने के उद्देश्य से अहीर यादव समाज नारायणी सेना की जिला स्तरीय बैठक रविवार को धनेरिया कलां में जिला अध्यक्ष हरीश अहीर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले की जिला, तहसील, नगर एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ राजस्थान से आए समाजजनों ने भी भाग लिया।
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि इस वर्ष जन्मोत्सव पूरे नीमच जिले में धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
निर्णय लिया गया कि जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां, भव्य वाहन रैली, शोभायात्रा एवं चल समारोह निकाले जाएंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जाएंगी।
बैठक में समाज का परिचय सम्मेलन आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में अंतिम निर्णय आगामी बैठक में लिया जाएगा। साथ ही संगठन को जिलेभर में और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई।
बैठक में समाज के वरिष्ठजन, जिला, तहसील, नगर एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में भोजन प्रसादी के साथ बैठक का समापन हुआ।