चित्तौड़गढ़। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर एक बैठक आयोजित हुई। बैठक की जानकारी देते हुए नगर मंत्री अभिनन्दन काबरा ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को लेकर विहिप बजरंग दल की बैठक आयोजित हुई जिसमें अध्यक्षता बजरंग दल के विभाग संयोजक योगेश दशोरा ने की। नगर सह मंत्री जयेश भटनागर ने बताया कि शोभा यात्रा में हनुमान जी की भव्य झांकी और बाहुबली हनुमान की सजीव झांकी शामिल होगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शोभा यात्रा का आयोजन 12 अप्रेल को चन्देरिया में किया जाएगा। शोभा यात्रा स्टेशन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी जो विभिन्न मार्गाे से होते हुए शीतला माता चौक स्थित नर्ब्देश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी तथा वहां सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ एवम भव्य आरती होगी । आरती के पश्चात जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया व जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी सम्बोधित करेंगे। तत्पश्चात प्रशाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के समस्त कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। जिला संयोजक मनोज साहू, नगर संयोजक पंकज जिनगर,चंदेरिया खंड संयोजक प्रतीक वासिटा ने समस्त चंदेरिया वासियो से शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। बैठक में नगर विधी आयाम प्रमुख चंद्रेश शर्मा, चंदेरिया खंड के अध्यक्ष बलराम मूंदड़ा, सहित चन्देरिया के कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी कार्यकर्ताओं को आयोजन को लेकर विभिन्न जिम्मेदारी सौंपी गई।